फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Haryana: प्रदेश में देसी और अंग्रेजी शराब के गोदामों की जांच शुरू, जेईटीसी को अचानक भेजा गया संदेश

Sun, 19 Nov 2023 12:24 AM IST
भूपेंद्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, यमुनानगर (हरियाणा)

सार

एक्साइज विभाग के प्रिंसिपल सेक्रेटरी की ओर से सभी पांच जोन के जेईटीसी को अचानक संदेश भेजा गया है। सभी जिलों की एक्साइज और जीएसटी टीमों को कार्यालयों में रहने के निर्देश के बाद कार्रवाई शुरू की गई है। एल-11 के 58 और एल-13 के 58 गोदाम हैं।
विज्ञापन
यमुनानगर में अंग्रेजी शराब के गोदाम पर रिकॉर्ड की जांच करती टीम। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आबकारी विभाग ने शनिवार को छुट्टी के दिन यमुनानगर समेत प्रदेशभर में शराब ठेकों के गोदामों में रिकॉर्ड खंगाला। विभाग की तरफ से यह कार्रवाई गोपनीय तरीके से की गई। गोदामों में अचानक टीमों को देख कर गोदामों के इंचार्ज भी हैरान रह गए। आबकारी विभाग की टीम के साथ जीएसटी के अधिकारी भी शामिल रहे। सुबह से शुरू हुई कार्रवाई देर शाम तक जारी रही। टीमें पहले गोदाम ठेकेदारों द्वारा ऑनलाइन दी गई जानकारी की जांच कर रही हैं। इसके बाद गोदामों में रखे शराब के स्टॉक का लिस्ट से मिलान किया जाएगा।

विज्ञापन


प्रदेश में एल-11 के 58 और एल-13 के भी 58 ही गोदाम हैं। इन्हीं गोदामों से हरियाणा के 1188 जोन में चल रहे 2376 ठेकों और 2682 उप ठेकों पर देसी और अंग्रेजी शराब की सप्लाई होती है। यमुनानगर में आठ नवंबर से अब तक जहरीली शराब पीने से 18 और अंबाला में दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि चार लोगों की मौत संदिग्ध बताई जा रही है।

ऐसे में छुट्टी के दिन हो रही गोदामों की जांच को बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। इससे पहले शुक्रवार की रात एक्साइज विभाग के प्रिंसिपल सेक्रेटरी देवेंद्र कल्याण की ओर से प्रदेश के सभी पांच जोन के जेईटीसी (ज्वाइंट एक्साइज एंड टेक्सेशन कमिश्नर) के मोबाइल पर मैसेज भेजा गया कि सभी जिलों की एक्साइज और जीएसटी टीमें शनिवार को अपने कार्यालयों में मौजूद रहेंगी।
विज्ञापन


इस दौरान एक्साइज कलेक्टर आशुतोष राजन वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बात करेंगे। वीसी में आशुतोष राजन ने सभी टीमों को प्रदेशभर में शराब के गोदामों में रखे स्टॉक और रिकॉर्ड की जांच करने के बारे में बताया।

एक-दूसरे के जिले में भेजी गईं टीमें
जिस जिले में अधिकारी कार्यरत हैं, उन्हें वहां की जांच का जिम्मा न देकर दूसरे जिलों में भेजा गया। टीमों को उनके मुख्यालय से विभिन्न जिलों के रूटों पर भेजा गया। बीच रास्ते में उन्हें बताया गया कि वह किस जिले में जाकर जांच करेंगे। टीमों ने गोदामों के कार्यालय में जाकर ठेकेदारों द्वारा ऑनलाइन भरी गई जानकारी की डिटेल ली।

इसके बाद अंग्रेजी व देसी शराब के स्टॉक की जांच की गई। बोतलों पर लगाए गए होलोग्राम की भी जांच की गई। इतना ही नहीं गोदाम पर ड्यूटी देने वाले कर्मचारियों के बारे में भी जानकारी जुटाई गई। एक्साइज विभाग ने दो दिन पहले सभी ठेकों से शराब के सैंपल लेने की बात तो कही थी, लेकिन किसी को यह नहीं पता था कि गोदामों में इस तरह से अचानक जांच होगी।

सभी गोदामों पर जांच चल रही है : आशुतोष राजन
एक्साइज कलेक्टर आशुतोष राजन ने बताया कि विभाग के प्रिंसिपल सेक्रेटरी देवेंद्र कल्याण के मार्गदर्शन में प्रदेश में एल-11 व 13 के सभी गोदामों में गोपनीय तरीके से जांच की जा रही है। इस दौरान आबकारी विभाग के साथ जीएसटी अधिकारी भी मौजूद हैं। रिकॉर्ड से गोदामों में शराब के स्टॉक का मिलान किया जाएगा। जांच में जो भी सामने आएगा उसके आधार पर आगामी कार्रवाई करेंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें