पहाड़ों में बारिश बंद होने से हथिनी कुंड बैराज पर शुक्रवार को पानी का जलस्तर काफी घट गया और यहां स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। सुबह सात बजे यहां 65183 क्यूसेक पानी था, वहीं रात आठ बजे तक यह पानी बढ़कर 69383 क्यूसेक दर्ज किया गया। अब पश्चिमी यमुना नहर व यूपी की नहरों में भी पानी की सप्लाई शुरू कर दी गई है।
एक लाख से अधिक पानी होने के कारण सारा पानी यमुना नदी में छोड़ा जा रहा था। अब यमुना के पानी को पश्चिमी यमुना नहर व यूपी में बांट देने से देश की राजधानी दिल्ली को बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि बैराज से छोड़ा हुआ पानी दिल्ली में पहुंच चुका है। जिससे दिल्ली में यमुना से लगते कई इलाकों में जल जमाव हो गया है।
हथिनी कुंड बैराज पर शुक्रवार रात को दर्ज किए गए 69383 क्यूसेक पानी में से यमुना नदी में 57363 क्यूसेक, पश्चिमी यमुना नहर को 11010 व यूपी के लिए 1010 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। ऐसे में यमुना के जरिए दिल्ली जाने वाले पानी में कुछ कटौती हुई है। मिली जानकारी के अनुसार बैराज पर सुबह नौ बजे 69821 क्यूसेक, 10 बजे 62552 क्यूसेक, 11 बजे यह बढ़कर 65067 क्यूसेक हो गया।
12 बजे फिर पानी में बढ़ोतरी हुई जो कि 68037 दर्ज किया गया। दोपहर एक बजे 54839 क्यूसेक, दो बजे 61275 क्यूसेक, तीन बजे 58495 क्यूसेक, चार बजे 58694 क्यूसेक, शाम पांच बजे 56217 क्यूसेक, सात बजे 56805 व रात आठ बजे 69383 क्यूसेक दर्ज किया गया।