छछरौली। तीन दिन बाद भी खेड़ा मोहल्ला निवासी हरप्रीत सिंह के हत्यारे पुलिस गिरफ्त से बाहर है। इस मामले में पुलिस को अभी तक कोई बड़ा सुराग हाथ नहीं लगा है। वहीं हरप्रीत की बाइक भी पुलिस बरामद नहीं कर पाई है। इस मामले में पुलिस के हाथ पूरी तरह खाली हैं। वहीं पुलिस हरप्रीत की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पुलिस जांच किसी दिशा में आगे बढ़ पाएगी।
छछरौली के खेड़ा मोहल्ला निवासी हरप्रीत सिंह का शव जंगल के बीच निर्माणाधीन सड़क की पुलिया के नीचे मिला था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव का पोस्टमार्टम करवाया। जिसकी अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आई है। हरप्रीत के शव पर चोटों के निशान मिले थे। प्राथमिक जांच में हरप्रीत से मारपीट व जमीन पर घसीटा जाना प्रतीत हो रहा है। वहीं मृतक हरप्रीत की बाजू में इंजेक्शन की सूई घुसी मिली थी। जिसे देखकर लग रहा था कि यह इंजेक्शन मरने के बाद उसकी बाजू में घुसाया गया है। मृतक हरप्रीत सिंह के छोटे भाई परमिंद्र सिंह ने दर्ज एफआईआर के बयानों में जिक्र किया है कि जिस दिन हरप्रीत घर से गया था। उस दिन शाम करीब आठ बजे छछरौली निवासी मन्नी ने हरप्रीत को जंगल की तरफ सुमित उर्फ बिल्ला के पास खड़ा देखा था। परमिंद्र ने बताया कि वह उसी दिन शाहपुर निवासी लाभू के घर पता करने गया था। उसने बताया कि वह दोपहर को आया था कुछ देर रुक कर चला गया। उसके बाद लाभू का फोन आया कि एक एंबुलेंस हरप्रीत को उठाकर अस्पताल ले गई है।
थाना छछरौली प्रभारी लज्जाराम ने बताया कि हरप्रीत सिंह की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि उसकी मौत मारपीट या नशे की वजह से हुई है। इसके अलावा पुलिस कई पहलुओं को जोड़कर भी जांच कर रही है। उसके सर्कल से भी पूछताछ की जा रही है।