संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत हमारी आवाज महिला संगठन से जुड़ी महिलाओं ने पुराने बस स्टैंड पर स्वदेशी दिवाली मेले का आयोजन किया। मेले का शुभारंभ शनिवार को इनरव्हील क्लब की प्रधान परमजीत कौर ने किया।
समूह से जुड़ी महिलाओं कुसुम लता, गीता रानी, सोनिया, सुनीता शर्मा, ऋतु, सपना, पूजा, किरण, माया, कृष्णा, दीपा, रेखा, इंदु, रिम्पी, पूनम, जुलेखा, दीपिका और प्रवेश ने बताया कि स्टॉल पर घर में तैयार किए गए उत्पाद उपलब्ध हैं। इनमें अचार, सजावटी सामान, ऊनी वस्त्र, कपड़े और बिजली से संबंधित सामान शामिल हैं।
सरकार की ओर से स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए समूहों को सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। इनरव्हील क्लब की प्रधान परमजीत कौर ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं मेहनत से विभिन्न उत्पाद तैयार कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने लोगों से स्वदेशी सामान खरीदने की अपील की। इस मौके पर सचिव पूजा माटिया, नीलम बंचल, लीला रोहिला, डॉ. रिंकू शर्मा, नीलम वर्मा, पूजा सिंगला, नेहा अग्रवाल और मीनाक्षी कांबोज सहित अन्य मौजूद रहीं।