यमुनानगर। गुर्जर समाज के लोगों ने शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय के सामने बने चुनाव कार्यालय पर विधायक घनश्याम दास के खिलाफ प्रदर्शन किया और रेलवे रोड पर जाम लगा दिया। उनका कहना था कि विधायक के एक्स अकाउंट से गुर्जर समाज की महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी की गई है। इससे समाज के लोगों में रोष है। इस दौरान कार्यालय में अंदर बैठे घनश्याम दास प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे। उन्होंने बताया कि वे पहले ही इसके लिए खेद जता चुके हैं। वे समाज की बहनों व माताओं का सम्मान करते हैं। उन्होंने बताया कि उनका अकाउंट हैक कर किसी ने यह पोस्ट की है। संबंधित पर कार्रवाई के लिए वे पुलिस को शिकायत भी दे रहे हैं।
गुर्जर समाज की महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने के विरोध में गुर्जर समाज के युवा शुक्रवार सुबह सबसे पहले नेहरू पार्क पर जमा हुए। यहां पर सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि पांच लोग विधायक से मिलकर बात कर सकते हैं। इस पर वे पहले विधायक के निवास पर पहुंचे फिर विधायक कार्यालय गये। विधायक कार्यालय पर ताला लगा मिला। जिस पर उन्हें पता चला कि विधायक अरोड़ा नगर निगम कार्यालय के पास बने अंबाला लोकसभा प्रत्याशी बंतो कटारिया के चुनाव कार्यालय पर हैं तो युवाओं का आक्रोश भड़क गया। इस पर वे प्रदर्शन करते हुए चुनाव कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक गलती करने के बाद भी उन्हें परेशान कर रहे हैं। चुनाव कार्यालय पर पहुंचते ही विधायक के खिलाफ प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी शुरू कर दी। कार्यालय के अंदर घुसने की भी कोशिश की। जब पुलिस ने उन्हें अंदर घुसने से रोका तो वे सड़क पर आ गए और जाम लगा दिया। किसी तरह समझाकर उन्हें सड़क से हटाया गया। विधायक बाहर आए और उनकी बात सुनी। इस दौरान विधायक ने सफाई दी कि उनका अकाउंट हैक कर किसी ने यह पोस्ट की है। वे समाज की बहनों व माताओं का सम्मान करते हैं।