संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मेयर सुमन बहमनी ने वार्ड नंबर 11 की गधौली, दड़वा, दड़वा माजरी, हनुमान कॉलोनी, चिट्टा मंदिर, शांति कॉलोनी सहित विभिन्न कॉलोनियों में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनी और अधिकारियों को समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मेयर ने गधौली कॉलोनी में वाल्मीकि धर्मशाला के नवीनीकरण का निरीक्षण किया। साथ ही कॉलोनियों में निर्माणाधीन सड़क, गलियों, नालियों व अन्य विकास कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के सख्त निर्देश दिए।
इस दौरान मेयर ने पूरे हो चुके विकास कार्यों का भी जायजा लिया। गधौली में कुछ स्थानों के सौंदर्यीकरण और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए ग्रीन बेल्ट विकसित करने के निर्देश नगर निगम अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि कॉलोनियों में हरित क्षेत्र विकसित होने से न केवल वातावरण स्वच्छ रहेगा, बल्कि लोगों को सुबह-शाम घूमने के लिए भी बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने अधिकारियों से शीघ्र कार्य योजना तैयार करने को कहा।
इसके बाद उन्होंने दड़वा क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान मेयर सुमन बहमनी ने सामुदायिक केंद्र व आंगनबाड़ी भवन की स्थिति का भी जायजा लिया। स्थानीय लोगों ने इन भवनों की जर्जर हालत और मरम्मत की आवश्यकता के बारे में मेयर को अवगत कराया। इस पर मेयर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोनों भवनों का एस्टीमेट तैयार कर मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि आमजन और सामाजिक संगठनों को इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।
मेयर ने कहा कि वार्ड स्तर पर विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग बेहद जरूरी है, ताकि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनी रहे और समय पर कार्य पूरे किए जा सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्माण कार्यों में मानकों का पूरा पालन सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान लोगों ने मेयर के समक्ष सड़क, नालियों की सफाई, जल निकासी तथा स्ट्रीट लाइट से संबंधित समस्याएं भी रखीं।