संवाद न्यूज एजेंसी
बूड़िया। पोते के साथ बाइक पर दवा लेने अस्पताल जा रही बुजुर्ग महिला की ट्रैक्टर के कुचलने से मौत हो गई ऐर उसका पोता चोटिल हो गया। हादसा दयालगढ़ बूड़िया रोड पर हुआ। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दयालगढ़ निवासी अरुण कुमार ने बूड़िया पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार को वह अपनी दादी प्रकाशो देवी (75) को बाइक पर बिठा कर दवाई दिलवाने संतोष अस्पताल ले जा रहा था। जब वह बूड़िया दयालगढ़ रोड पर अस्तबली पीर बाबा की मजार के पास पहुंचे तो बूड़िया की तरफ से एक ट्रैक्टर ट्रॉली आई। आरोप है कि चालक ने लापरवाही से ट्रैक्टर चलाते हुए उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से वह बाइक समेत एक तरफ गिर गया। उसकी दादी सड़क पर गिर गई। इसके बाद ट्रैक्टर उसकी दादी के सिर को कुचलता हुआ निकल गया। हादसे में उसकी दादी की मौके पर ही मौत हो गई। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। बूड़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर ट्रॉली चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।