संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर जिले के मंदिरों में तैयारियां तेज हो गई हैं। शहर के प्रमुख मंदिरों को सजाने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इस्कॉन मंदिर और जगाधरी के श्री राधा-कृष्ण मंदिर में जन्माष्टमी समारोह को भव्य बनाने के लिए कई दिन पहले से तैयारियां चल रही हैं।
मंदिरों में आकर्षक सजावट की गई है। रेलवे रोड स्थित गीता भवन मंदिर, रघुनाथपुरी स्थित इस्कॉन मंदिर, रेलवे स्टेशन के समीप श्री मूर्ति देवी मंदिर, न्यू मार्केट स्थित संकट मोचन मंदिर, पेपर मिल गेट स्थित गणेश मंदिर, विश्वकर्मा मोहल्ला स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर, मॉडल टाउन स्थित सनातन धर्म मंदिर, रामपुरा स्थित हनुमान मंदिर, सेक्टर-17 स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर, बूड़िया स्थित ठाकुरद्वारा, भाटली स्थित प्राचीन शिव मंदिर और बूड़िया के दयालगढ़ स्थित पातालेश्वर महादेव मंदिर में भी जन्माष्टमी को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
इस्कॉन मंदिर के मुखिया दिव्य पुरुष दास ने बताया कि जन्माष्टमी के दिन सुबह से ही मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। दोपहर एक से चार बजे तक मंदिर के कपाट बंद रहेंगे। इसके बाद श्रद्धालु मंदिर में दर्शन कर सकेंगे और प्रसाद ग्रहण करेंगे।
मंदिर में जन्माष्टमी के अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। वहीं बारिश व मंदिर परिसर में जगह की कमी के चलते कार्यक्रम को दो जगहों में बांटा गया है। जो व्रत रखेंगे वह मंदिर में पहुंचेंगे वहीं अन्य श्रद्धालु सौभाग्य रिजोर्ट में पहुंचेंगे। यहां पर भी सुंदर झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा।
जगाधरी के श्री राधा-कृष्ण मंदिर के प्रधान प्रवेश बंसल, महासचिव आंचल गुप्ता और कोषाध्यक्ष सुभाष सिंगला ने बताया कि समारोह को भव्य बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से परिवार सहित कार्यक्रम में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन करने का आह्वान किया।
जगाधरी के सेक्टर-17 में जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में सजाया गया श्री राधा-कृष्ण मंदिर। संवाद