संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। सदर जगाधरी थाना क्षेत्र के खारवन गांव में ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराने पर एक्टिवा सवार खारवन ग्राम पंचायत सदस्य 27 वर्षीय आशु कुमार की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में खारवन निवासी हर्ष कुमार ने बताया कि उनका पड़ोसी आशु कुमार ग्राम पंचायत सदस्य था। वह बुधवार को बाइक पर जगाधरी की तरफ जा रहा था।गांव में ही धर्मेंद्र वेल्डिंग की दुकान के पास पहुंचा तो गली में ट्रैक्टर ट्रॉली खड़ी थी। उसी समय उनका पड़ोसी आशु अपनी एक्टिवा पर जगाधरी से गांव की तरफ आ रहा था।
जब आशु वेल्डिंग की दुकान के पास पहुंचा तो गली में खड़े ट्रैक्टर ट्रॉली के चालक ने ट्रैक्टर को स्टार्ट कर सड़क पर चढ़ा दिया।इससे आशु की एक्टिवा ट्रैक्टर ट्रॉली में टकरा गई। उसने तुरंत आशु को संभाला और आरोपी ट्रैक्टर चालक नवीन कुमार व आसपास के लोगों की मदद से निजी अस्पताल पहुंचाया।
वहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टर ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया। सदर जगाधरी थाना प्रभारी हवा कौर का कहना है कि आरोपी ट्रैक्टर चालक पर केस दर्ज कर लिया है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।