संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत प्रदेश के एक लाख गरीब परिवारों को सौर ऊर्जा उपलब्ध करवाने के लिए केंद्र व राज्य सरकार की ओर से 1.10 लाख रुपये की सब्सिडी दी जाएगी। योजना का लक्ष्य लोगों के घरों का बिजली बिल कम करने के अलावा ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देना है।
डीसी कैप्टन मनोज कुमार ने बताया कि प्रदेश में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की शुरुआत की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि जिस परिवार की सालाना आय 1.80 लाख तक है, ऐसे परिवारों को दो किलोवाट तक सोलर पैनल लगवाने पर 60 हजार रुपये की सब्सिडी केंद्र और 50 हजार रुपये तक की अतिरिक्त सब्सिडी राज्य सरकार की ओर से दी जाएगी।
योजना के तहत लगाए जाने वाले सोलर पैनल की उत्पादन क्षमता 300 यूनिट मासिक तक है। इसी तरह जिन परिवारों की सालाना आय 1.80 से तीन लाख रुपये तक है, ऐसे परिवारों को दो किलोवाट तक सोलर पैनल लगवाने पर 60 हजार की केंद्र व 20 हजार रुपये की सब्सिडी राज्य सरकार की ओर से दी जाएगी।
डीसी ने कहा कि योजना की संक्षिप्त जानकारी के लिए केंद्र सरकार सोलर पोर्टल अथवा स्थानीय ऊर्जा विभाग कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इसे बढ़ावा देने से बिजली का खर्च बेहद कम हो जाएगा। उन्होंने पात्रों से अपील की है कि वे कार्यालय में पहुंचकर लाभ के लिए जानकारी प्राप्त कर लें।