संवाद न्यूज एजेंसी
छछरौली। अंबाला सांसद वरुण मुलाना रविवार को राइस मिल में हजारों करोड़ रुपये के होने वाले घोटाले पर कहा कि यह सरकार की नाक के नीचे हो रहा है। सरकार से संरक्षण प्राप्त लोग घोटाले कर रहे हैं। मुख्यमंत्री आंखें बंद किए हुए हैं। सांसद प्रतापनगर बस हादसे में जान गंवाने वाली छात्रा आरती के परिजनों को सांत्वना जताने पहुंचे थे।
उन्होंने हादसे में घायल छात्राओं का हाल जानने के लिए गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सरकार व परिवहन विभाग पर जमकर हमला बोला और कहा कि परिवहन विभाग व सरकार का फेलीयर है कि हमारे बच्चे हादसों में जान गवां रहे हैं। हादसे के बाद घायल छात्राओं को सरकारी अस्पताल में सुविधा नहीं मिली। घायल छात्राओं का निजी अस्पतालों में उपचार कराना पड़ा।
सांसद ने कहा कि परिवहन व स्वास्थ्य विभाग दोनों विभागों के मंत्रियों से इस मामले के बारे में बात कर जिन कर्मचारियों के लापरवाही रही उनके खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी। बिहार चुनाव परिणाम पर बोलते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने बिहार में दस हजार देकर खुलेआम वोट खरीदने का कार्य किया है। सरेआम लोकतंत्र की हत्या हुई है।
इस दौरान उन्होंने कैथल में अनिल विज के पुलिस अधीक्षक के साथ बहस करने के मामले में कहा कि एक मंत्री को संयम बरतते हुए कार्रवाई करनी चाहिए जो गलत करता उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। इस मौके पर उनके साथ पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष जाकिर हुसैन, पूर्व विधायक अर्जुन सिंह, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष आर्यन गुर्जर, आवेश चौधरी कांग्रेस कार्यकर्ता काफी संख्या में मौजूद रहे।