यमुनानगर। हरियाणा अंत्योदय परिवार परिवहन योजना (हैप्पी) के तहत शुक्रवार को यमुनानगर बस स्टैंड पर कृषि मंत्री कंवरपाल ने 20 पात्रों को हैप्पी कार्ड वितरित किए। पात्रों के चेहरे पर कार्ड मिलते ही खुशी का भाव दिखा, पर इनमें कुछ ने हैप्पी कार्ड से रोडवेज बसों में मिलने वाली मुफ्त यात्रा के किमी. बढ़ाने की मांग उठाई। कहा कि एक वर्ष में एक हजार किमी. कम है, इसे बढ़ाया जाना चाहिए।
विदित हो कि एक लाख या इससे कम वार्षिक आय वाले परिवारों के सदस्य योजना के पात्र हैं। इन्हीं में हैप्पी कार्ड मिलने पर वकील, ज्योति सहगल, रमन, लक्ष्मी ने बताया कि यह योजना सराहनीय है। इसमें उन्हें मिले हैप्पी कार्ड को दिखाकर वह रोडवेज बसों में एक साल में एक हजार किमी. तक सफर कर पाएंगे लेकिन एक साल में मुफ्त यात्रा के लिए मिल रहे एक हजार किमी. कम है, जिसे बढ़ाया जाना चाहिए। साथ ही ऐसी सुविधा रेलवे की ओर से भी दी जानी चाहिए। मौके पर जिला परिषद के चेयरमैन रमेश ठसका, भाजपा के जिला महामंत्री कृष्ण सिंगला, जीएम रोडवेज संजय रावल, डब्ल्यूएम अश्वनी शर्मा, यमुनानगर मंडल महामंत्री अमन, रविंद्र धीमान, रोशन लाल शर्मा व अन्य मौजूद रहे।
जिले में 10 हजार आवेदन, तीन हजार को मिले कार्ड
जिले में हैप्पी कार्ड के लिए दस हजार ऑनलाइन आवेदन आए हैं। इनमें तीन हजार को हैप्पी कार्ड दिए जा चुके हैं। दूसरी ओर कंवरपाल ने कहा कि जो पात्र परिवार योजना का लाभ उठाना चाहते हैं, वह जल्द कार्ड के लिए परिवहन विभाग की साइट पर आवेदन करें। इसके अलावा बस स्टैंड पर भी कार्ड जारी करने के लिए बूथ स्थापित किए गए हैं। प्रदेश में अब तक 57000 से अधिक लाभार्थियों को पात्रता मानदंडों अनुसार हैप्पी कार्ड वितरित किए गए हैं।
वहीं शुक्रवार को यमुनानगर बस स्टैंड परिसर में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में 20 लाभार्थियों को हैप्पी कार्ड मिले। यहां एक बड़ी एलइडी स्क्रीन भी लगाई गई, जिस पर करनाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का प्रसारण दिखाया गया।