संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सदर थाना क्षेत्र के तीर्थ नगर स्थित दो घरों के ताले तोड़ चोर नकदी व गहनों समेत करीब डेढ़ लाख का सामान चोरी कर ले गए। पुलिस ने केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
तीर्थ नगर निवासी बलीराम ने बताया कि वह मेहनत मजदूरी करता है। रोज की तरह शनिवार सुबह वह अपने काम पर चला गया था। दोपहर के समय उसकी पत्नी सुनीता खरीदारी करने बाजार गई थी। जब उसकी पत्नी घर लौटी तो दरवाजा खुला पड़ा था। घर में सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर घर से 20 हजार की नकदी, सोने की बालियां, सोने का मंगलसूत्र, टॉप्स, चांदी के दो जोड़ी पायल, दो चांदी के सिक्के, बर्तन व अन्य सामान गायब था।
वहीं, तीर्थ नगर निवासी रजनीश त्यागी ने बताया कि वह, उसका साथी अंकुर, कार्तिक पंवार बाड़ी माजरा स्थित जेएस फूड बेवरेजस कंपनी में काम करते है और एक ही मकान में रहते है। रोज की तरह सुबह आठ बजे वे तीन कंपनी में चले गए थे। शाम को वापस आए तो मकान का ताला टूटा हुआ था। अंदर से 18 हजार रुपये की नकदी, बैटरी व इनवर्टर, बाथरूम व रसोई के सभी नल, कपड़े व सामान गायब था।