संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर।
चोरों ने अलग अलग तीन घरों का निशाना बनाकर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। तीनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तिगरा गांव निवासी ओम प्रकाश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रोज की तरह रात को वह खाना खाकर घर पर परिवार के साथ सो गए थे। सुबह उनकी आंख खुली तो सामान बिखरा पड़ा था। पेटी का ताला टूटा हुआ था। जांच करने पर पेटी के अंदर से सोने की अंगूठी, चांदी की चेन, सोने की बालियां, पाजेब, पीतल की परांत, कांशी की थाली, दो गिलास पीतल के, टुल्लू पंप, 20 हजार की नकदी व अन्य सामान गायब था।
उधर, चोरों ने सावनपुरी स्थित अग्रसेन कॉलोनी निवासी अनिल कुमार के घर का ताला तोड़ 25 हजार रुपये के कपड़े, 60 हजार रुपये का बिजली का सामान व 12 हजार रुपये के बर्तन चोरी कर लिए।
अन्य मामले में पुलिस क्वार्टर निवासी सुषमा ने बताया कि वह प्रिंस कॉलोनी में मकान बना रहे है। 17 अप्रैल की रात को चोर उनके निर्माणाधीन मकान से बिजली का सामान, मिस्त्री की मशीनरी व औचार, कटर व अन्य सामान चुरा ले गए। शहर जगाधरी पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है।