बेटी के साथ स्कूटी पर घर लौट रही महिला के गले से एक्टिवा सवार दो युवकों ने सोने की चेन झपट ली। वारदात न्यू जैन कॉलोनी के पास हुई। पुलिस ने दो अज्ञात युवकों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
न्यू जैन नगर निवासी सुनहरी देवी ने सेक्टर 17 थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह अपनी बेटी सेक्टर 15 निवासी कुसुम लता के साथ स्कूटी पर आरके अस्पताल से अपने घर जा रही थी। दोनों स्कूटी पर सवार होकर गढी मुंडो की टपरी के सामने पहुंची। घर जाने के लिए जब वह अपनी बेटी की स्कूटी से नीचे उतरकर पैदल चलने लगी तो पीछे से एक स्कूटी पर सवार होकर दो युवक आए। स्कूटी पर पीछे बैठे युवक ने उसके गले से डेढ़ तोले की सोने की चेन छीन ली। इसके बाद दोनों युवक स्कूटी की तेज गति कर वहां से फरार हो गए। उसने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और झपटमारों का पीछा किया, लेकिन आरोपी भाग निकले। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। सेक्टर 17 थाना प्रभारी धर्मेद्र का कहना है कि अज्ञात दो युवकों पर केस दर्ज कर लिया गया है। उनकी तलाश की जा रही है।