लघु सचिवालय में शुक्रवार को आयोजित हुई जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री कमलेश ढांडा के सामने बिजली संबंधी कुल चार शिकायतें आई। इन शिकायतों में फरियादियों का खूब दर्द छलका। शहजादपुर निवासी कंवरपाल की बात करें तो वे तीसरी बार भी अपनी पत्नी मंदलेश के साथ बैठक में बिजली कनेक्शन लगवाने की फरियाद लेकर पहुंचे थे। उन्होंने कहा घरेलू बिजली कनेक्शन लेने के लिए जगाधरी की सब अर्बन डिवीजन में 4 फरवरी 2020 को ऑनलाइन आवेदन किया था। परंतु आज तक कनेक्शन नहीं मिला। वह तीन साल से कनेक्शन के लिए कई जूतों की जोड़ी तक घीस गई, लेकिन हर बार निगम की तरफ से उन्हें खाली लौटाया जा रहा। वहीं बैठक में भी जब समाधान नहीं निकला तो जाते समय भावुक होकर मंदलेश ने कहा कि जब बिजली का कनेक्शन नहीं दिला सकते तो एक जहर की गोली मुझे और एक मेरे पति को दे दो।
इसी तरह जगाधरी की सरस्वती कॉलोनी के रहने वाले बुजुर्ग मुलखा राज छाबड़ा भी बिजली पोल हटवाने को लेकर शिकायत लेकर बैठक में पहुंचे थे। उनका कहना था उनकी जमीन गांव तिगरी में पड़ती है। उसकी जमीन के पीछे एक डिस्पोस्ल बनाने की फैक्टरी तीन साल पहले लगी थी। उस दौरान बिजली निगम ने फैक्टरी को कनेक्शन देने के लिए पोल को उसकी जमीन में लगा दिया था जिसका उसने विरोध भी किया था। लेकिन निगम ने इस पोल को नहीं हटाया। उधर बिजली निगम का कहना है निशानदेही के दौरान यह पोल शिकायतकर्ता की जमीन से बाहर है। किंतु मुलख राज ने बताया कि निशानदेही कब हुई उसे तो ये भी नहीं पता। जो निशानदेही हुई उसकी रिपोर्ट उसे सौंपी जाए। वहीं इस मामले में मंत्री कमलेश ढांडा ने संबंधित अधिकारी को डांट भी लगाई।
विशाल नगर कॉलोनी के विक्रम यादव ने बताया कि साल 2003 में मीटर लगा था। तब से सभी बिलों का भुगतान करते आ रहे हैं। लेकिन बिजली निगम ने 104733 रुपये बिल पेंडिंग की बात कह रहा है। इस संबंध में वे कई बार शिकायत भी दे चुके हैं। जबकि बिजली निगम के अनुसार 2018 से 2021 तक एवरेज में बिल आता था। जबकि वे सारा बिलों का भुगतान करते आ रहे हैं। उधर जब संबंधित विभाग के कर्मचारियों को बुलाया तो उन्हें भी मंत्री द्वारा डांट लगाई गई। कहा गया इस मामले में कोई नोटिस क्या जारी किया गया या संबंधी एजेंसी से इस बारे में बात क्यों नहीं की गई।
इसी दौरान ही रामपुर कॉलोनी में रहने वाली उजमा भी अपनी मां के साथ बिजली निगम के खिलाफ शिकायत लेकर पहुंची। इस दौरान उसने बताया कि उनके घर में तीन साल से बिजली का कनेक्शन नहीं है और 10वीं की परीक्षाएं भी उसने बिना बिजली के अंधेरे में पढ़ कर दी, पता नहीं रिजल्ट कैसा आएगा। उसने बताया कि उसके पिता का अपने भाई के साथ वाद-विवाद चल रहा था ऐसे में उन्होंने उनका बिजली का कनेक्शन काट दिया था। पिता द्वारा बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया गया तो बोर्ड के कर्मियों द्वारा यह कहकर आवेदन रद्द कर दिया गया उनका बिल रुका हुआ है। जबकि वे लोग उनसे अलग रहते हैं।