जगाधरी। सीएम ईईई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तलाकौर की लड़कियों ने प्रदेशभर में जिले का नाम रोशन किया है। जिले का प्रतिनिधित्व करते विभाग की नेटबॉल की राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता है।
प्राचार्या डॉ. मीनाक्षी ने बताया यह प्रतियोगिता रेवाड़ी में कराई गई। प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी जिलों की टीमों ने हिस्सा लिया। जिले की टीम ने विभिन्न मुकाबलों में बेहतरीन खेल कौशल और दमखम का प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। सेमीफाइनल में जीत से चूकने के बाद टीम ने तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में कांस्य पदक अपने नाम किया।
टीम का स्कूल पहुंचने पर खिलाड़ियों का प्राचार्या डॉ. मीनाक्षी और शिक्षकों ने स्वागत किया। विजेता खिलाड़ियों को मिठाई खिलाकर बधाई और आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। प्राचार्या ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, लगन और खेल शिक्षक प्रवीण के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रेरित करता रहेगा। टीम की जीत से तलाकौर गांव के लोगों एसएमसी प्रधान, खिलाड़ियों के अभिभावक में खुशी की लहर है।