यमुनानगर के गुरु नानक गर्ल्स कॉलेज की चौथी मंजिल से गुरुवार को एक छात्रा की छत से गिरने से मौत हो गई। हादसे के बाद कॉलेज में हड़कंप मच गया और छात्राएं एकत्रित हो गई। मृतका मानसी एमए इकोनॉमिक्स की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि गुरुवार को वह काम से कॉलेज आई थी। इसी दौरान हादसा हो गया। छात्रा चौथी मंजिल पर क्या करने पहुंची थी, पुलिस इसकी जांच कर रही है। छात्रा के सुसाइड करने की बात भी सामने आ रही है। 31 अक्तूबर को डीएवी गर्ल्स कॉलेज की बीए फाइनल की छात्रा आंचल की भी चौथी मंजिल से गिरने से मौत हो गई थी।
पढ़ाई के साथ-साथ पार्ट टाइम जॉब भी करती थी मानसी
पुलिस को दी जानकारी में पेपर मिल के 200 क्वार्टर में रहने वाले बृजेश ने बताया कि उसकी भांजी मानसी उनके पास रहती थी। जीएनजी कॉलेज से बीए करने के बाद वह एमएलएन कॉलेज से एमए इकॉनोमिक्स की पढ़ाई कर रही थी। उसके पिता रघुबीर की पहले ही मौत हो चुकी है। मानसी मॉडल टाउन स्थित नेमस जॉब प्लेसमेंट में पार्ट टाइम जॉब करती थी। वहीं जॉब प्लेसमेंट के अमित का कहना है कि मानसी एक माह से उनके यहां पर काउंसलर का काम देख रही थी और नॉर्मल रहती थी। आज सुबह जब उन्हें मानसी के कॉलेज की छत से गिरने की बात सुनी वे भी हैरान हो गए।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। छत से गिरने के बाद छात्रा को अस्पताल लगाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में अभी जांच चल रही है।
-कमलजीत, एसएचओ, शहर थाना यमुनानगर।