संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। जिला प्रशासन ने गांवों में जाकर लोगों की समस्याएं सुनने की पहल को आगे बढ़ाते हुए खंड के गांव रसूलपुर में शुक्रवार रात जनता दरबार व समाधान शिविर का आयोजन किया। डीसी प्रीति और एसपी कमलदीप गोयल सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। रात्रि ठहराव कार्यक्रम में गांव की जसवंत्री देवी ने घर के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन से हो रही समस्या से अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि इन तारों से गांव के कई परिवार परेशान हैं। इसलिए इन्हें जल्द हटवाया जाए। वहीं नदी पार झूर माजरा के रघुबीर, मनमोहन, कुलविंद्र और सुरेंद्र कौर ने गंदे पानी के नाले को पक्का करवाने की मांग रखी। रामपुर आराइयां के ग्रामीणों ने गांव में स्ट्रीट लाइट लगवाने की मांग उठाई। रसूलपुर की जवंत्री देवी, ममता रानी और कुसुम देवी ने पक्का मकान बनवाने, ममतेश ने बिजली का बिल ठीक करवाने को कहा।
इसके अलावा सुदेश कुमारी, वर्मिला देवी, संजीव कुमार, कृष्णा देवी, शकुंतला देवी और हरजिंदर कौर ने वृद्धावस्था सम्मान भत्ता पेंशन लगवाने की शिकायत रखी। कई ग्रामीणों ने परिवार पहचान पत्र में आय ठीक करवाने, राशन कार्ड बनवाने, विधवा व दिव्यांग पेंशन लगवाने, पंचायती जमीन से अवैध कब्जे हटवाने, बिजली बिल माफ करने, सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और शिवधाम योजना के तहत श्मशान घाट पक्का करवाने जैसी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। डीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए।
प्रीति ने कहा कि प्रशासन लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए स्वयं गांवों तक पहुंच रहा है। जिन शिकायतों का समाधान मौके पर संभव था, उन्हें तुरंत निपटा दिया गया है, जबकि शेष समस्याओं का समाधान इसी सप्ताह किया जाएगा। बजट से जुड़ी मांगों पर भी विचार कर समय रहते कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम में लोगों को सड़क सुरक्षा और नशा मुक्त समाज की शपथ भी दिलाई गई।