संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। कस्बे में मंगलवार को निकले नगर कीर्तन के दौरान सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल देखने को मिली। थाने वाले चौक पर मस्जिद के पास हिंदू, सिख और मुस्लिम समुदायों के अनुयायियों ने मिलकर खीर का लंगर बांटा।
नगर कीर्तन में शामिल संगत का फूलों की वर्षा कर स्वागत किया गया। इस दौरान सभी धर्मों के लोगों ने एक-दूसरे को प्रकाश पर्व की बधाई दी। रिटायर्ड कर्मचारी संघ के दिलावर खान ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने हमेशा प्रेम, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया है और साढौरा के लोगों ने उसी संदेश को सड़कों पर साकार कर दिखाया।
नसीम जावेद, शौकत अली, नवतेज सिंह बैंस व बॉबी बतरा ने कहा कि सर्वसमाज की ओर से सर्वधर्म समभाव के हक़ में यह प्रयास किया गया। कुलविंद्र सिंह चड्ढा व इकबाल सिंह भाटिया ने इस प्रयास की सराहना करते हुए आयोजकों को सिरोपा भेंट करके सम्मानित किया।
इस दौरान इंजीनियर आकिब जावेद, कमलजीत, कामरान अमजद, नवाब खान, राजू खान, प्रदीप बिंद्रा, अनवर खान, बोबी सैनी, चीनू बख्शी व प्रदीप डांग ने खीर का लंगर बांटा। इस दौरान इंजीनियर राहुल जैन, इंजीनियर लक्ष्य भसीन, इंजीनियर राहुल ने भी नारायणगढ़ से आकर इस खुशी के मौके पर अपनी नेक हाजिरी दी।