संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। एसडी पब्लिक स्कूल में चल रही दो दिवसीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में गांधी सदन ने 268 अंक हासिल कर ओवरऑल ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
नेहरू सदन 249 अंकों के साथ दूसरे, शिवाजी सदन 214 अंकों के साथ तीसरे और टैगोर सदन 211 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहा। हरमन और अंशिका को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। 13 और 14 नवंबर को करवाई गई प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दौड़, कबड्डी, फुटबॉल सहित विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाई।
इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। मुख्यातिथि एसडीएम विश्वनाथ रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। एसडीएम ने कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं। खेलों से विद्यार्थियों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। साथ ही उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और चुनौतियों का सामना करने का साहस पैदा होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल में भी भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के अभिषेक गुप्ता ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना विकसित करते हैं। प्राचार्या उषा शर्मा ने कहा कि खेलों में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण भागीदारी और बेहतर प्रदर्शन की भावना है। विद्यालय का प्रयास है कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी आगे बढ़ने के अवसर मिलें।
प्रतियोगिता समापन पर विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। उपप्राचार्या पूजा त्रिखा ने सभी का मनोबल बढ़ाया। इस दौरान सनातन धर्म सभा के सचिव अभिषेक मित्तल, सहसचिव प्रवीण मित्तल, एसडी स्कूल प्रबंधन समिति प्रधान अरुण कुमार मित्तल, महासचिव मनोज गुप्ता, प्रबंधक राजेश गोयल, एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल प्राचार्य सतीश गर्ग सहित अन्य उपस्थित रहे।