भारतीय सेना में नौकरी दिलवाने के नाम पर चार आरोपी युवकों ने 14 युवकों से 28 लाख 30 हजार रुपये ठग लिए। आरोपियों ने नौकरी लगवाने के नाम पर प्रति युवक पांच लाख रुपये में सौदा तय किया था। इनमें से ढाई लाख रुपये पहले व बाकी नौकरी लगने के बाद देने तय किए गए थे। आरोपियों में से एक युवक ने अपने पिता को भारतीय सेना में कर्नल होने की बात कहकर उन्हें जाल में फंसाया था। पुलिस ने मामले में चार युवकों पर धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव रसूलपुर निवासी मोहित कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव हवेली निवासी संदीप कुमार उसका दोस्त है। एक दिन आरोपी संदीप ने उसे बताया कि उसका रिश्तेदार जिला पंचकूला के रत्ता टिब्बी निवासी प्रवीण कुमार की राजनेताओं व सरकारी अधिकारियों से अच्छी जानकारी है। इसके बाद संदीप ने अक्टूबर 2019 में उसकी मुलाकात प्रवीण कुमार, उसके साथी जिला पंचकूला के गांव काजीमपुर निवासी सोनू व गांव प्यारेवाला निवासी संजू के साथ करवाई। उन्होंने बताया कि प्रवीण के पिता भारतीय सेना में कर्नल के पद पर तैनात है। उसके माध्यम से वे उसे भारतीय सेना में नौकरी दिलवा देंगे। वह आरोपी की बातों में आ गया। प्रवीण ने उसे कहा कि वह अपने पिता के माध्यम से उसे बिना लिखित परीक्षा, फिजिकल, मेडिकल व साक्षात्कार के भारतीय सेना में नौकरी दिलवा देगा। इसके लिए उसे पांच लाख रुपये देने होंगे। जिसमें से ढाई लाख रुपए नौकरी से पहले और ढाई लाख रुपये ज्वाइनिंग के बाद देने होंगे।
उसने अपने दोस्त प्रदीप, मनीष, कुलदीप, नवनीत, प्रवीण, शराफत खान, दीपक कुमार, जगजीत, हरविंदर, अंकुश, कृष्ण, सुरेंद्र व अमित से बात की तो उन्होंने भी नौकरी के लिए हां कर दी। मोहित ने बताया कि उन्होंने 14 नवंबर 2019 से पांच फरवरी 2020 तक आरोपी प्रवीण कुमार के बैंक अकाउंट में पांच लाख 60 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए, जबकि 22 लाख 70 हजार रुपये आरोपी को नकद दिए। आरोपी ने उन्हें जल्द ही नौकरी दिलवाने का आश्वासन दिया। इस दौरान आरोपी ने उन्हें ज्वाइनिंग लेटर दिए। मगर ज्वाइनिंग लेटर में पिन कोड गलत लिखा हुआ था। जब उन्होंने आरोपी से इस बारे कहा तो आरोपी ने उनसे जॉइनिंग लेटर वापस ले लिए और कहा कि वह जल्द ही पिन कोड ठीक करवा कर उन्हें दोबारा से ज्वाइनिंग लेटर दे देगा। मगर इसके बाद आरोपी ने उन्हें ज्वाइनिंग लेटर नहीं दिए। जब उन्होंने आरोपी से उन्हें भारतीय सेना में ज्वाइनिंग करवाने की बात कही तो आरोपी टालमटोल करने लगा। जब उन्होंने आरोपी से पैसे मांगे तो आरोपी ने उन्हें पैसे देने से मना कर दिया और दोबारा पैसे वापस मांगने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। परेशान होकर उसने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने मामले में आरोपी आरोपी प्रवीण, संदीप, सोनू व संजू के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।