संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। मांगों की अनदेखी से नाराज दमकल कर्मचारियों ने रोष प्रदर्शन कर नारेबाजी की। साथ ही मंगलवार से दमकल दफ्तर बंद कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने का एलान किया।
इसके पूर्व दमकल केंद्र गुलाब नगर में कर्मचारियों ने छठे दिन भी गेट मीटिंग की। अध्यक्षता शाखा प्रधान विरेंद्र धीमान ने की व मंच संचालन शाखा सचिव रिंकू कुमार ने किया। अग्निशमन राज्य मुख्य संगठन कर्ता गुलशन भारद्वाज, अग्निशमन राज्य संगठन सचिव संतोष कुमार ने बताया कि दो माह से जगाधरी, मानकपुर, छछरौली, बिलासपुर, साढौरा के कर्मचारी बिना सेवा विस्तार व बिना वेतन के कार्य कर रहे हैं। कर्मचारी लगातार छह दिन से दमकल केंद्र पर प्रदर्शन कर रहे हैं।
दमकल केंद्र अधिकारी उनकी समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं हैं। इसके विरोध में मंगलवार (आज) से दमकल दफ्तर बंद करने का फैसला लिया गया है। साथ ही गेट मीटिंग के कार्यक्रम को बदलकर अनिश्चितकालीन धरने का निर्णय लिया गया है। इस पर मौके पर विक्की वालिया, देशराज, अभिषेक, रविंद्र कुमार, वीरेंद्र शर्मा, अमरीक सिंह, दविंद्र सिंह, प्रिंस शर्मा, संजीव कुमार, विक्रम सिंह, इंतजार, छछरौली से नवनीत सिंह, भूपिंद्र थापा मौजूद रहे।