संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जठलाना थाना क्षेत्र के गांव नागल में जयदयाल प्लाईवुड फैक्टरी के क्वार्टर में ईंट मारकर साथी मजदूर राजेश कुमार की हत्या के आरोपी उसके साथी कार्तिक दास को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
बिहार के जिला मोतिहारी के मंझार निवासी राजेश ठाकर नागल स्थित जयदयाल प्लाईवुड प्राइवेट लिमिटेड फैक्टरी में काम करता था। उसके साथ ही पश्चिम बंगाल निवासी कार्तिक दास भी फैक्टरी में नौकरी करता था। फैक्टरी में रविवार को छुट्टी होने के कारण दोनों ने एक साथ शराब पी थी। शाम करीब 7 बजें दोनों का किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। इस दौरान राजेश ने डंडा उठा कार्तिक दास के सिर पर दे मार था। तभी आसपास स्थित लोगों ने बीच में आकर मामला शांत करा दिया। इसके बाद दोनों फैक्टरी के पास बने क्वार्टरों में आ गए थे।
आरोप है कि इसके बाद कार्तिकदास ने रात के समय बदला लेने के लिए राजेश के सिर में ईंटों से वार कर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गया। सोमवार सुबह राजेश का खून से लथपथ शव क्वार्टर में बंद मिला। उसके सिर पर ईंट से वार किए गए थे। पुलिस ने इस मामले में आरोपी कार्तिक दास पर हत्या के आरोप में केस दर्ज किया था। अब उसे गिरफ्तार किया गया है। थाना जठलाना प्रभारी धर्मपाल ने बताया कि आरोपी कार्तिक दास को कलानौर रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया है। उसे कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी से पूरे मामले के बारे में पूछताछ की जाएगी।