संवाद न्यूज एजेंसी
जठलाना।
जिले में मोबाइल वेटनरी यूनिट (एमवीयू) से पशुओं के निशुल्क स्वास्थ्य जांच, इलाज व दवा की सुविधा मिल रही है। अभी ऐसी दो एमवीयू तैनात की गई हैं, जिनसे शुरुआत में पशु अस्पताल से 15 किमी. तक सुविधा दी जा रही है। इस सुविधा का लाभ पशुपालक टोल फ्री नंबर 1962 पर संपर्क कर ले सकते हैं। एमवीयू सीधे पशुपालक के दरवाजे पहुंचेगी। पशुओं के स्वास्थ्य जांच के साथ इलाज व दवा की निशुल्क व्यवस्था है।
जिले में रादौर व बिलासपुर में मोबाइल वेटरनरी यूनिट का संचालन शुरू हो गया है, जिससे घर-घर जाकर पशुओं का इलाज किया जा रहा हे। रादौर में मोबाइल वेटरनरी यूनिट पर तैनात वीएलडीए चंद्रशेखर ने बताया कि यह योजना 26 फरवरी 2024 को प्रदेश में शुरू की गई थी। यह सुविधा पशुपालकों के लिए फायदेमंद है। उन्होंने बताया कि टोल फ्री नंबर 1962 पर कॉल कर मोबाइल वेटरनरी यूनिट से दवा के साथ पालतू व बेसहारा पशुओं का निशुल्क इलाज कराया जा सकता है।
इस मोबाइल वेटनरी यूनिट से रादौर पशु अस्पताल से अभी 15 किलोमीटर तक का क्षेत्र कवर किया जा रहा है। यह सुविधा दोपहर 12 बजे से रात आठ बजे तक दी जा रही है। आगामी दिनों में समय सीमा के साथ किलोमीटर का दायरा बढ़ाया जा सकता है। हर मोबाइल वेटनरी यूनिट में एक पशु चिकित्सक, एक सहायक व एक ड्राइवर तैनात है।
रादौर पशु अस्पताल के चिकित्सक सुरेंद्र छौक्कर ने कहा कि पशुपालकों को योजना लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया है। इस मोबाइल वेटनरी यूनिट में इलाज के साथ दवा भी निशुल्क दी जा रही है। पशुपालकों से अपील है कि वह इस सुविधा का लाभ उठाएं।