संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। इंग्लैंड में स्टडी वीजा पर भेजने का झांसा देकर 9.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई। बसातियांवाला गांव के कुनाल ने अंबाला जिले के शेरपुर निवासी तुषार त्यागी पर कनाडा की नकली पासपोर्ट रिक्वेस्ट (पीपीआर) देने और उसके पासपोर्ट समेत अन्य दस्तावेज अपने पास रखने का आरोप लगाया है। व्यासपुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस को दी गई शिकायत कुनाल ने बताया कि मार्च 2025 में उसके जानकार मछरौली निवासी निरेन ने उसकी मुलाकात तुषार त्यागी से करवाई थी। तुषार ने खुद के पास विदेश भेजने का सरकारी लाइसेंस होने का दावा किया और उसे इंग्लैंड में स्टडी वीजा पर भेजने का भरोसा दिया। उसने यह भी कहा था कि इंग्लैंड का काम नहीं हुआ तो उन्हीं पैसों में कनाडा भेज देगा।
इसके बाद आरोपी ने स्टडी वीजा की फाइल तैयार करवाने के नाम पर 20 लाख रुपये मांगे। आरोप है कि 15.50 लाख रुपये उनसे लिए गए। कुनाल ने आरोप लगाया कि उसका पासपोर्ट, अन्य दस्तावेज, बैंक की पासबुक, हस्ताक्षर किए हुए दो चेक और दो सिम भी आरोपी के पास हैं। उसकी मां का पासपोर्ट भी आरोपी ने अपने पास रखा हुआ है।
शिकायतकर्ता ने पहले भी आरोपी के खिलाफ शिकायत दी थी। उस समय दोनों पक्षों में समझौता हुआ था। कुनाल के अनुसार समझौते के तहत आरोपी ने तीन लाख रुपये ऑनलाइन लौटाए थे और तीन लाख रुपये पहले ही वापस कर चुका था। इसके बावजूद बाकी रकम और दस्तावेज वापस नहीं किए गए।
इसके बाद व्यासपुर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली। इस संबंध मेें थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में मिलने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
माता-पिता के खाते से दी थी रकम
शिकायतकर्ता कुनाल के अनुसार उसने अपनी माता के बैंक खाते से 11 लाख रुपये, पिता सुभाष चंद के खाते से 2.50 लाख रुपये और दो लाख रुपये नकद आरोपी को दिए। कुल 15.50 लाख रुपये लेने के बावजूद आरोपी ने उसे इंग्लैंड में स्टडी वीजा पर नहीं भेजा। हालांकि 6 लाख रुपये आरोपी ने वापस कर दिए थे। आरोप है कि विदेश भेजने या पैसे वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करता रहा। उसने कनाडा की पीपीआर भी नकली दे दी।