संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। स्पेन भेजने के नाम पर युवक ने 13 लाख रुपये की ठगी करने और रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर थाना सदर जगाधरी पुलिस ने करनाल के बलला निवासी साहिल व पानीपत के मछरौली निवासी समिंद्र सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
रूल्हाखेड़ी निवासी गुरमेज ने पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में बताया कि वह विदेश जाना चाहता था। परिचितों के माध्यम से उसकी साहिल और समिंद्र से मुलाकात हुई। आरोपियों ने उसे स्पेन भेजने के लिए 13 लाख रुपये लेने और एक महीने में स्पेन भेजने का भरोसा दिया। शिकायत के अनुसार उन्होंने साहिल के खाते में दो बार में सात लाख रुपये भेजे।
इसके अलावा पानीपत के एक होटल में पांच लाख रुपये नकद दिए, जबकि एक लाख रुपये अन्य खर्च के नाम पर लिए गए। आरोपी उन्हें अपनी गाड़ी से इंदौर भी ले गए और वहां वीजा व टिकट मिलने की बात कही। करीब 20 दिन इंतजार के बाद भी कोई दस्तावेज नहीं मिला। घर लौटने के बाद रकम और पासपोर्ट मांगने पर आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के बाद आर्थिक अपराध शाखा में हुई कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने रकम लौटाने का आश्वासन दिया था। एक आरोपी ने साढ़े छह लाख रुपये का चेक दिया, लेकिन बैंक में लगाने पर वह बाउंस हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस प्रवक्ता चमकौर सिंह ने बताया कि जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।