संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शेयर मार्केट में साझेदारी के नाम पर युवक ने करीब 2.45 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी। गोहाना निवासी एक शेयर मार्केट ट्रेडर की शिकायत पर पुलिस ने जांच के बाद हरियाणा पुलिस के सेवानिवृत्त एसएचओ की बेटी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
शिकायतकर्ता सोनीपत के गोहाना निवासी युवक ने पुलिस को बताया कि वह वर्ष 2020-21 से शेयर बाजार में ट्रेडिंग कर रहा है और यूट्यूब चैनल के माध्यम से लोगों को निवेश संबंधी जानकारी भी देता है। फरवरी 2023 में उसकी पहचान इंस्टाग्राम के जरिए यमुनानगर निवासी महिला मंजीत से हुई।
बातचीत बढ़ने पर महिला ने खुद को एक बीमा कंपनी में कार्यरत बताते हुए शेयर बाजार का कारोबार सीखने की इच्छा जताई। साथ ही भविष्य में सेबी से रिसर्च एनालिस्ट का लाइसेंस लेकर 50-50 प्रतिशत हिस्सेदारी में कंपनी चलाने का प्रस्ताव रखा। आरोप है कि कई मुलाकातों के बाद युवती और उसके रिटायर्ड एसएचओ पिता की मौजूदगी में साझेदारी को लेकर सहमति बनी।
इसके बाद युवती ने लाइसेंस मिलने, कार्यालय खोलने, प्लॉट की किस्त, बीमा प्रीमियम, वाहन खरीद, आभूषण, मोबाइल और अन्य जरूरतों का हवाला देकर लगातार रुपये मांगने शुरू कर दिए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि मार्च 2023 से मार्च 2025 के बीच उसने करीब 2.10 करोड़ रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर किए, जबकि करीब 35 लाख रुपये नकद दिए।
इसके अलावा नौ लाख रुपये कीमत की अपनी कार भी देने का दावा किया, जिसका भुगतान नहीं मिला। आरोप है कि इन्हीं रुपयों से प्लॉट, थार गाड़ी, ज्वेलरी और अन्य संपत्तियां खरीदी गईं।
पीड़ित का कहना है कि रुपये वापस मांगने पर उसे झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी गई। सेक्टर-17 थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि शिकायत की जांच के बाद आरोपी महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच के बाद आरोपी कार्रवाई की जेअगी।