संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल कर साइबर ठगों ने पांच लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर ठगों को गिरफ्तार करने की मांग की है। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित ने बताया कि उसके मोबाइल पर +44 से शुरू होने वाले एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को विश्वसनीय निवेशक बताकर बातचीत शुरू की और झांसे में लेकर उन्हें निवेश एवं अन्य लाभ का लालच दिया। आरोपी ने अलग-अलग बहानों से पीड़ित से कई बार रकम ट्रांसफर करवा ली।
जब तक उन्हें ठगी का अहसास हुआ, तब तक उनके खाते से कुल पांच लाख रुपये निकल चुके थे। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने तुरंत साइबर थाना पहुंचकर शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस बैंक खातों के लेनदेन, मोबाइल नंबर, आईपी एड्रेस और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही साइबर ट्रेल के आधार पर ठगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।