संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। क्रिप्टो करेंसी में निवेश पर 22 महीने में रकम दोगुनी करने का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में गांधी नगर थाना पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद अंबाला निवासी अभिषेक गोयल, बराड़ा निवासी प्रदीप राणा और नारायणगढ़ निवासी निर्मल की तलाश शुरू की दी है।
पुलिस को दी शिकायत में त्यागी गार्डन निवासी कंवर साहिब ने बताया कि वर्ष 2023 में आरोपियों ने क्रिप्टो करेंसी में निवेश कराने का झांसा दिया। आरोपियों ने हर महीने पांच से छह प्रतिशत मुनाफा और 22 महीने में रकम दोगुनी होने का दावा किया। उनके झांसे में आकर उन्होंने अलग-अलग तारीखों में बैंक खातों और नकद के माध्यम से कुल 8.95 लाख रुपये निवेश किए।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने विश्वास बनाए रखने के लिए शुरुआत में 90 हजार रुपये वापस किए, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया। रकम लौटाने के नाम पर 8 लाख और 3.66 लाख रुपये के पोस्ट डेटेड चेक दिए गए। बाद में चेक बैंक में जमा न कराने का आश्वासन देकर उनकी वैधता समाप्त करा दी गई। इसके बाद आरोपी पैसे लौटाने से मुकर गए।
कंवर साहिब ने बताया कि आरोपियों ने थाईलैंड टूर और गुजरात की स्मार्ट सिटी धोलेरा में प्लॉट दिलाने का भी लालच दिया। विरोध करने पर गाली-गलौज, झूठे मुकदमों में फंसाने और जान से मारने की धमकियां दी गईं। शिकायतकर्ता ने अन्य कई लोगों के साथ भी लाखों रुपये की इसी तरह की ठगी का आरोप लगाया है। पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि प्राथमिकी दर्जकर मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।