यमुनानगर। विदेश भेजने के नाम पर युवक ने 1.68 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया। आरोप है कि दो युवकों ने ग्रीस का टूरिस्ट वीजा लगवाने का झांसा देकर रुपये ऐंठ लिए और बाद में फर्जी वीजा थमा दिया। सदर यमुनानगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गांव तिगरा निवासी विवेक कुमार ने पुलिस को बताया कि वह विदेश जाना चाहता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात नारायणगढ़ निवासी हर्ष और पंजलासा निवासी रजत से हुई। दोनों ने खुद को विदेश भेजने का काम करने वाला बताते हुए ग्रीस का वीजा लगवाने का भरोसा दिलाया और इसके एवज में 6.50 लाख रुपये की मांग की।
विज्ञापन
विश्वास में आकर विवेक ने जरूरी दस्तावेजों के साथ अलग-अलग किस्तों में 1.68 लाख रुपये दे दिए। शिकायत के अनुसार जनवरी में आरोपियों ने वीजा की प्रति दिखाकर कोलकाता से ग्रीस की उड़ान कराने की बात कही। उनके कहने पर वह कोलकाता पहुंच गया, लेकिन वहां पहुंचने के बाद दोनों के मोबाइल बंद मिले।
रुपये खत्म होने पर वह किसी तरह लौटा। जांच कराने पर पता चला कि दिया गया वीजा फर्जी था। आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर आरोपी धमकी देने लगे और उसका पासपोर्ट भी वापस नहीं किया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।