संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। क्रिप्टो करेंसी में मोटे मुनाफे का लालच देकर एक महिला ने करीब ढाई लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। शहर यमुनानगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विश्वकर्मा मोहल्ला निवासी ज्योति नंदा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2018 में उनकी मुलाकात लक्ष्मी नारायण कॉलोनी निवासी संजीव शर्मा से एक निवेश कंपनी के कार्यालय में हुई थी। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच परिचय बढ़ गया और आरोपी का उनके घर आना-जाना भी शुरू हो गया।
महिला का आरोप है कि संजीव शर्मा ने खुद को बीएफएक्स कंपनी का एजेंट बताते हुए क्रिप्टो करेंसी में निवेश कराने का भरोसा दिलाया। उसने दावा किया कि इस योजना में निवेश करने वालों को अच्छा मुनाफा मिल रहा है और शहर के कई लोग इसका लाभ उठा चुके हैं। विश्वास में आकर महिला ने अलग-अलग किस्तों में करीब ढाई लाख रुपये निवेश कर दिए। काफी समय बीतने के बाद भी न तो रकम वापस मिली और न ही किसी प्रकार का लाभ मिला। पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।