संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवक से 6.50 लाख रुपये की ठग लिए गए। आरोप है कि करनाल के गांव खानपुर निवासी पिता-पुत्र ने पहले विदेश भेजने का भरोसा दिलाया और रुपये लेने के बाद फर्जी वीजा थमा दिया। वीजा की जांच में उसके फर्जी पाए जाने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली।
गांव काठवाला निवासी कुलविंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करनाल के गांव खानपुर निवासी मुनीष की ससुराल उसके गांव में है। इसी कारण दोनों परिवारों में पहले से परिचय था। मुनीष और उसके पिता जरनैल सिंह ने उसे विदेश में अच्छी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।
उन्होंने दावा किया कि उनके संपर्कों के माध्यम से उसका वीजा जल्द लग जाएगा और उसे विदेश भेज दिया जाएगा। कुलविंद्र के अनुसार, आरोपियों की बातों पर विश्वास कर उसने अलग-अलग समय पर उनके खाते में कुल 6.50 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। रकम लेने के बाद भी कई महीने तक कोई प्रक्रिया पूरी नहीं हुई। जब उसने बार-बार जानकारी मांगी तो आरोपी उसे आश्वासन देते रहे।
बाद में उन्होंने एक वीजा उपलब्ध कराया। जांच कराने पर वह फर्जी निकला। पीड़ित का आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने न केवल रकम लौटाने से इन्कार कर दिया, बल्कि उसे धमकियां भी दीं। थाना सदर जगाधरी पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुुरू कर दी है।