यमुनानगर। साइबर ठगों ने ऋण दिलाने का झांसा देकर युवक से 78 हजार रुपये ठग लिए। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
व्यासपुर निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि 18 अप्रैल को उसके मोबाइल पर अज्ञात युवक का फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए आसान प्रक्रिया में ऋण दिलाने का भरोसा दिया। आरोपी की बातों में आकर उसने प्रक्रिया के नाम पर रकम जमा करानी शुरू कर दी। पीड़ित ने बताया कि आरोपी ने अलग-अलग बहाने बनाकर उससे कुल 78 हजार रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। रकम लेने के बावजूद आरोपी ने न तो ऋण दिलवाया और न ही कोई दस्तावेज उपलब्ध कराया। बाद में जब आरोपी से संपर्क करने का प्रयास किया तो उसका मोबाइल बंद मिला। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी। संवाद