संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मोबाइल पर आए अनजान लिंक पर क्लिक करना गुमथला गांव राम निवासी रामेश्वर को महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने उसके बैंक खाते से 93,473 रुपये निकाल लिए। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस को दी शिकायत में रामेश्वर ने बताया कि पांच सितंबर को उसके मोबाइल पर एक मैसेज आया था। मैसेज में एक लिंक भेजा गया था। उन्होंने मैसेज को सामान्य समझ कर लिंक पर क्लिक कर दिया। इसके बाद उनका मोबाइल हैक हो गया। इसी दौरान साइबर ठगों ने उसके बैंक खाते से 93,473 रुपये निकाल लिए। कुछ समय बाद मोबाइल पर खाते से रुपये निकाले जाने का संदेश आया। इस पर उन्होंने तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को दी। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया साइबर ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।