संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। फेसबुक पर सस्ते दाम में ड्राई फ्रूट बेचने का विज्ञापन देखकर खरीदारी करना हुड्डा सेक्टर-17 जगाधरी निवासी वीना गोयल को महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने मोबाइल पर लिंक भेज दिया। लिंक पर क्लिक करते ही उनके बैंक खाते से एक लाख 38 हजार रुपये निकल गए। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली।
पुलिस को दी शिकायत में वीना गोयल ने बताया कि 16 सितंबर को उन्होंने फेसबुक पर ड्राई फ्रूट का एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में बाजार से कम कीमत पर ड्राई फ्रूट उपलब्ध कराने की बात कही गई थी। सस्ते दाम देखकर उन्होंने विज्ञापन पर क्लिक किया। इसके बाद साइबर ठगों ने उनसे संपर्क किया और कम कीमत पर ड्राई फ्रूट खरीदने का झांसा दिया।
आरोपियों ने खरीदारी की प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर वीना गोयल के मोबाइल पर एक लिंक भेजा। उन्होंने आरोपियों की बात पर विश्वास करते हुए लिंक पर क्लिक कर दिया। इसके बाद उनके बैंक खाते से अलग-अलग करके कुल एक लाख 38 हजार रुपये निकाल लिए गए। खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने पर उन्हें अपने साथ हुई ठगी का पता चला। पुलिस प्रवक्ता चमकौर सिंह का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की साइबर क्राइम थाने की पुलिस जांच कर रही है।