संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। छछरौली निवासी राजकुमार उर्फ राजू ने पुलिस को दी शिकायत में रुपये दोगुना करने का झांसा देकर 1.26 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। छछरौली थाना पुलिस ने पांच आरोपियों पर प्राथमिकी दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में राजकुमार ने बताया कि जुलाई 2025 में गांव गधौला निवासी पूजा, सोनू, जगाधरी निवासी डिंपल, कुरुक्षेत्र निवासी मोंटी और शाहाबाद निवासी मनजीत उसकी एक रिश्तेदार के घर आए थे। आरोपियों ने बताया कि वे रुपये दोगुना करके देते हैं। इसके बाद परिवार के सदस्य सलोनी, प्रकाशो देवी, सुदेश रानी, शमीम, आशु और शैली ने भी 7200-7200 रुपये निवेश कर दिए।
आरोपियों ने विश्वास दिलाया कि जल्द ही यह रकम कई गुना होकर खातों में पहुंच जाएगी। इस दौरान आरोपियों ने आधार कार्ड समेत कुछ अन्य दस्तावेज भी ले लिए। कुछ समय बाद आशु और शैली के खातों में 800-800 रुपये तथा सुदेश के खाते में 400 रुपये आए।
इससे परिवार का विश्वास और बढ़ गया। इसके बाद आरोपी दोबारा घर पहुंचे और अधिक निवेश करने के लिए दबाव बनाया। उनकी बातों में आकर पुत्रवधू और मां के जेवर बैंक में गिरवी रखकर 1.26 लाख रुपये दिए गए। इनमें से करीब 14-14 हजार रुपये खातों में वापस आने की बात कही गई है।
इसके बाद आरोपियों ने मीटिंग के नाम पर पांच हजार रुपये भी लिए, लेकिन इसके बदले कोई रकम नहीं मिली। बाद में रुपये आने पूरी तरह बंद हो गए। पुलिस प्रवक्ता चमकौर सिंह का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।