संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 13 लाख रुपये की धोखाधड़ी हो गई। यह धोखाधड़ी गांधी नगर निवासी अजय के साथ हुई है। थाना गांधीनगर पुलिस ने आरोपी मोहाली के अजय कुमार, डेराबस्सी के प्रदीप सिंह तथा यमुनानगर के रमनदीप कौर व तरणप्रीति सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
शिकायत में अजय बताया कि जगाधरी वर्कशॉप में काम करने वाले उसके जानकार रितेश सैनी ने अप्रैल महीने में उसकी मुलाकात ग्लोबल इंफोटेक कंपनी के लोगों से कराई थी। कंपनी वालों ने दावा किया कि उनका ऑस्ट्रेलिया की कंपनियों से टाइअप है और वीजा लगते ही दिल्ली के महिपालपुर स्थित शांति पैलेस होटल में आस्ट्रेलियाई कंपनी के साथ जॉब एग्रीमेंट कराकर उसे विदेश भेज देंगे। इस पर उसे उनकी बातों पर विश्वास हो गया।
आरोपियों ने अपने आधार व पैन कार्ड दिखाए। इसके बाद उसने अपना पासपोर्ट, शैक्षणिक दस्तावेज और पहले चरण में डेढ़ लाख रुपए नकद व गूगल पे से दिए। इसके बाद मई महीने में कई किस्तों में रमनदीप कौर और तरण प्रीत सिंह के बैंक खातों में रुपये जमा कराए। जमा कराई गई कुल धनराशि 13 लाख रुपये बनती है। जून के पहले सप्ताह में आरोपियों ने फोन करके बताया कि वीजा लग गया हहै 10 जून को दिल्ली के शांति पैलेस होटल में दोपहर 12 बजे मीटिंग है।
वहां टिकट-पासपोर्ट सौंपकर फ्लाइट से भेज दिया जाएगा। अजय ने बताया कि वह तय तारीख को दिल्ली पहुंचा। वहां उसे कोई नहीं मिला। सभी आरोपियों के मोबाइल बंद आए। वहां से वह यमुनानगर वापस पहुंचा। यहां आकर उसे पता चला उसके साथ ठगी हुई है। जांच अधिकारी बलबीर ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर तफ्तीश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को काबू किया जाएगा।