बिसलरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की डिस्ट्रीब्यूटरशिप दिलाने का झांसा देकर नौ लोगों ने सावनपुरी निवासी अभिनव लांबा से 537524 रुपये ठग लिए। पुलिस ने मामले में दो बैंक मैनेजरों व कंपनी के अधिकारी समेत नौ लोगों पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जगाधरी की सावनपुरी कॉलोनी निवासी अभिनव लांबा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका लकड़ी की ट्रेडिंग का काम है। तीन मई को उसे पता चला था कि बिसलरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड की डिस्ट्रीब्यूटरशिप के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा रहा है। इसके बाद उसने इस कंपनी की वेबसाइट पर जाकर डिस्ट्रीब्यूटरशिप के लिए आवेदन किया। कंपनी से एक ई-मेल आई। जिसमें उसके पास से केवाईसी के लिए आधार, पैन कार्ड व अन्य दस्तावेज मांगे। इस दौरान उसने मेल पर आए विशाल पटेल के नंबर पर उससे बातचीत की। आरोपी ने कहने पर उसने रजिस्ट्रेशन के लिए 37524 रुपये जमा कराए। इसके बाद आरोपी ने डिस्ट्रीब्यूटरशिप के लिए प्रमाणपत्र जारी करने व एग्रीमेंट के नाम पर उससे पांच लाख रुपये मांगे। आरोपी ने उससे कहा कि यह राशि पहले ऑर्डर की बुकिंग राशि के तौर पर ली जा रही है। आरोपी की बातों में आकर उसने फर्म के खाते में पांच लाख रुपये और जमा करा दिए। इसके बाद आरोपियों ने उससे 420465 रुपये की और मांग की। इस पर उसे संदेह हुआ। जब उसने बैंक में जाकर जांच कराई तो उसे पता चला कि जिस बैंक खाते में उसने रुपये जमा करवाए थे, वह बंद हो चुका है। उसने आरोपियों से अपने रुपये वापस मांगे, लेकिन आरोपियों ने देने से मना कर दिया। आरोप है कि आरोपी गुरुग्राम निवासी विशाल पटेल, भरत पटेल, सुरेश त्रिपाठी, सचिन कुमार, राज, इंडसलैंड बैंक जगाधरी के मैनेजर, एचडीएफसी बैंक बूड़िया चौक के मैनेजर व बिसलरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारी व अन्य ने मिलीभगत करके उससे 537524 रुपये ठगे है। रुपये मांगने पर आरोपियों ने उसे धमकी दी है। इस शिकायत पर पुलिस ने नौ आरोपियों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।