संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। बिजली का बिल माफ करवाने के नाम पर जवाहर नगर निवासी राहुल से एक लाख 15 हजार रुपये हड़प लिए। आरोप कृष्णा कॉलोनी जगाधरी निवासी आकाश पर लगा है। आरोपी ने बिजली के बिल में 40 हजार रुपये माफ करवा कर बाकी 90 हजार रुपये को तीन किस्तों में भरवाने का आश्वासन दिया था। फर्कपुर थाना पुलिस ने आरोपी आकाश के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
राहुल ने बताया कि उसके घर में लगा बिजली का मीटर उसके पिता रमेश के नाम है। पिता की 2016 में मौत हो गई थी। वर्ष 2019 में उनके घर का बिजली का बिल एक लाख 30 हजार रुपये आया।मां की बीमारी के कारण घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। इस से वह बिजली का बिल नहीं भर पाए। राहुल ने बताया कि नवंबर 2020 में उसे फर्कपुर में जगाधरी की कृष्णा कॉलोनी निवासी आकाश मिला।
आरोपी ने उसे बताया कि वह बिजली निगम में नौकरी करता है। आकाश ने उसे कहा कि वह उसके बिजली के बिल में से 40 हजार रुपये कम करवा कर बाकी बचे 90 हजार रुपये की तीन किस्त करवा दूंगा। आपको 30 हजार रुपये प्रति किस्त के हिसाब से भरने होंगे। उसने आरोपी पर विश्वास कर दिया। आरोपी ने उससे अलग-अलग करके एक लाख 15 हजार रुपये ले लिए मगर उसका बिजली का बिल नहीं भरा।
बिल न भरने पर बिजली निगम ने उसका बिजली का कनेक्शन काट दिया। जब उसने आरोपी से इस बारे बात कि तो उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। परेशान होकर उसने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। फर्कपुर थाना प्रभारी जनक राज का कहना है कि आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।