संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। अलग-अलग स्थानों से दो किशोरियों समेत चार लोग लापता हो गए। पुलिस ने चारों मामलों में केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
गांधी नगर थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसकी 17 वर्षीय भतीजी चार माह से उसके पास रहती है। वह 20 जुलाई की दोपहर को वह बिना बताए घर से चली गई। उधर, छप्पर थाना क्षेत्र के गांव बदनपुरी निवासी निपन कुमार ने बताया कि उसका छोटा भाई नितिन कुमार कोआपरेटिव बैंक में चपरासी की नौकरी करता है। रोज की तरह सुबह साढ़े सात बजे घर से बैंक गया था। दोपहर बाद वापस घर नहीं आया। बैंक में पता किया तो बताया गया कि वह दोपहर बाद छुट्टी करके चला गया था। अब न तो उनका फोन लग रहा है और न ही वह किसी रिश्तेदारी में गया है।
उधर, फर्कपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसकी 16 साल की बेटी एक सरकारी स्कूल में पढ़ती है। रोज की तरह वह स्कूल गई थी, लेकिन वापस नहीं आई। उन्होंने उसकी तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। गधौली निवासी मनीष ने बताया कि उसकी माता मोनिक 17 जुलाई को घर से रिश्तेदारी में जाने के लिए निकली थी, लेकिन न तो वह रिश्तेदारी में पहुंची और न ही वापस घर आई। उन्होंने उसकी सभी रिश्तेदारियों में तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।