संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर की हरिनगर कॉलोनी से ट्यूशन पर गया 10 वर्षीय बालक लापता हो गया। वहीं सढौरा के एक गांव से युवती लेटर पर कंपनी में जॉब करने की बात लिखकर लापता हो गई। इनके अलावा दो अन्य स्थानों से व्यक्ति व युवक लापता हो गए। चारों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरिनगर निवासी राकेश ने शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका दस वर्षीय बेटा सौरभ सुबह साढ़े दस बजे ट्यूशन जाने के लिए घर से निकला था। लेकिन वह ट्यूशन पर नहीं पहुंचाया। न ही वापस घर आया। उन्होंने उसकी अपने रिश्तेदारों, परिचितों व उसके मित्रों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चल पाया। आरोप है कि अज्ञात ने उसके बेटे को अगवा किया है।
उधर, साढ़ौरा क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि रोज की तरह उसकी बेटी रात को अपने कमरे में सोई थी। सुबह जब उसकी आंख खुली तो बेटी कमरे से गायब थी। उसका मोबाइल भी कमरे में नहीं था। जब उन्होंने कमरे की जांच की तो तकिए के नीचे से अंग्रेजी भाषा में लिखा एक पत्र मिला। जिसमें उसने किसी कंपनी का हवाला देते हुए जॉब करने के बारे में लिखा हुआ था। जब उन्होंने उसके मोबाइल पर संपर्क किया तो उसका नंबर बंद मिला।
उन्होंने उसकी काफी तलाश की, लेकिन पता नहीं चल पाया। पुलिस ने केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। उधर, सेक्टर 17 निवासी मुकेश ने बताया कि शुक्रवार दोपहर को उसके पिता महावीर सिंह घर से बिना बताए कहीं चले गए, लेकिन लौटकर वापस नहीं आए। उन्होंने उसकी तलाश की, लेकिन पता नहीं चल पाया।
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के गांव अजराडा निवासी सोनू कुमार ने बताया कि उसका भाई मोनू कुमार साढ़ौरा क्षेत्र में करोष्ट पैनल्स कंपनी में काम करता है। 16 मार्च को वह कंपनी से कहीं चला गया। लेकिन इसके बाद लौटकर नहीं आया। न ही वह घर पहुंचा। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।