संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। डेंगू के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। जिले में सोमवार को डेंगू के चार नए केस मिले। इसी के साथ ही जिले में डेंगू के मरीजों की कुल संख्या 105 हो गई है। वहीं निजी अस्पतालों में भी काफी मरीज दाखिल हैं। निजी लैब भी बुखार व संदिग्ध लक्षण वाले मरीजों को डेंगू बता रही है। वहींस्वास्थ्य विभाग एलाइजा टेस्ट की रिपोर्ट के बाद ही डेंगू को कंफर्म मानता है।
डेंगू के जो चार नए केस मिले हैं उनमें गौरी शंकर कॉलोनी से 20 वर्षीय युवक, जड़ौदा गेट जगाधरी से 35 वर्षीय महिला, बूडिया से आठ साल का बच्चा व लाक्कड़ गांव से 28 साल का युवक शामिल हैं। मौसम में ठंडक आने के बाद डेंगू के मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ी हुई है। जहां-जहां नए डेंगू के मरीज मिल रहे हैं वहां फॉगिंग कराई जा रही है।
करीब 69 सैंपल की लैब में जांच होनी बाकी है। मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द, शरीर पर पड़ने वाले लाल निशान जो थोड़े समय बाद ठीक होने के बाद दोबारा वापस भी आ जाते हैं। तेज बुखार, बहुत तेज सिर दर्द, आंखों के पीछे दर्द, उल्टी आना और चक्कर महसूस होना।
यदि इनमें से कोई भी लक्षण महसूस करते हैं तब तुरंत सलाह के लिए डाॅक्टर के पास जाना चाहिए। इन लक्षणों को हलके में लेना भारी पड़ सकता है। जिला मलेरिया अधिकारी डाॅ. सुशीला सैनी ने बताया कि डेंगू के मरीजों की कुल संख्या 105 हो गई है। चार नए केस मिले हैं। जहां डेंगू के केस मिल रहे हैं वहां पर फाॅगिंग कराई जा रही है।