संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। ट्विनसिटी के चार मुख्य मार्ग जल्द ही डेकोरेटिव लाइटों से जगमग होंगे। इससे सड़कें दूधिया रोशनी से जगमगाएंगी, वहीं शहर की सुंदरता बढ़ेगी। इनमें से दो मार्ग यमुनानगर जोन व दो जगाधरी के हैं। डेकोरेटिव लाइट लगाने का प्रपोजल तैयार किया जा रहा है। जल्दी ही इस्टीमेट बनाकर टेंडर प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
शहर की वीआईपी रोड से मशहूर प्यारा चौक से नेहरू पार्क तक सड़क का निर्माण कुछ ही माह पहले पूरा हुआ। इस मार्ग पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं है। दोनों ओर डेकोरेटिव लाइटें लगने के बाद इस मार्ग पर जहां अंधेरा दूर होगा। साथ ही सुंदरता भी बढ़ जाएगी। मार्ग पर एक लाइट से दूसरी लाइट के बीच की करीब 25 मीटर दूरी रहेगी। मातेश्वरी अहिल्या बाई होल्कर चौक से कन्हैया साहिब चौक तक एलइडी लाइटें लगी हैं, लेकिन इनमें से काफी खराब रहती हैं। बिलासपुर रोड से झंडा चौक जगाधरी तक भी यही स्थिति है।
उल्लेखनीय है नगर निगम एरिया में स्ट्रीट लाइटों के कुल 25 हजार स्ट्रीट प्वाइंट हैं। जल्द ही इनकी संख्या बढ़ाकर करीब 35 हजार तक की जाएगी। इसके अलावा सभी सामान्य लाइटों को एलइडी में बदले जाने की भी योजना है। इसके लिए क्लस्टर बनाकर टेंडर लगाया गया है। इसके अलावा शहर में स्ट्रीट लाइट संबंधित समस्या के लिए निगम की ओर से 9595130130 जारी किया गया है। जहां स्ट्रीट लाइट खराब होने संबंधित शिकायत की जा सकती है।
इन मार्गों पर लगाई जाएंगी लाइटें
रेलवे रोड के प्यारा चौक से नेहरू पार्क तक।
मातेश्वरी अहिल्या बाई होल्कर (मधु) चौक से कन्हैया साहिब चौक तक।
जगाधरी में बिलासपुर रोड से सिविल अस्पताल होते हुए झंडा चौक तक।
जगाधरी पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस रोड पर।
शहर सुंदर व स्मार्ट बने, इसे लेकर गंभीरता से कार्य किया जा रहा है। शहर के चार मुख्य मार्गों पर दूधिया लाइटों लगाने का प्रस्ताव बैठक में पास किया गया था। जल्द ही इस्टीमेट तैयार कर लाइटों के लगवाने का काम शुरू करवाया जाएगा। - मदन चौहान, मेयर यमुनानगर