संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। छठ पूजा व विशेष अवसरों पर अब शहरवासियों कच्चे घाटों पर स्नान व पूजा अर्चना नहीं करनी पड़ेगी। इसके लिए शहर में पश्चिमी यमुना नहर के चार घाट पक्के बनाए जाएंगे।
सिंचाई विभाग इन घाटों पर दो करोड़ 93,569 रुपये खर्च करेगा। इसके लिए विभाग ने टेंडर लगा दिया है। वर्क ऑर्डर लेने वाली एजेंसी को छह माह में छठ पूजा के घाटों को पक्का करना होगा। पक्के घाट करने के साथ चारों स्थानों पर नहर में जाने के लिए सीढ़ियां बनाई जाएगी। गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए पक्के घाटों पर जंजीरें लगाई जाएंगी। हर घाट पर महिला-पुरुषों के लिए शौचालयों का भी प्रबंध होगा।
परियोजना के तहत पश्चिमी यमुना नहर के हमीदा हेड के पास, बाडी माजरा पूर्वी घाट, बाडी माजरा पश्चिमी घाट व चिट्टा मंदिर के पास के पक्के घाटों का निर्माण होगा। इन घाटों पर पंचकूला की तर्ज पर सुविधाएं मुहैया करवाई जाएगी। पश्चिमी यमुना नहर के घाट पक्के होने से लाखों श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा। यमुनानगर-जगाधरी के अलावा ग्रामीण क्षेत्र में हजारों की संख्या में प्लाईवुड व मेटल फैक्ट्रियां हैं। जिनमें करीब एक लाख मजदूर बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिमी बंगाल समेत अन्य राज्यों से आकर काम करते हैं। यह लोग लोग छठ पर्व धूमधाम से मनाते हैं।
बाडी माजरा पुल के अलावा दड़वा घाट, हमीदा हेड व जम्मू काॅलोनी, चिट्टा मंदिर घाट, बूड़िया घाट समेत कई घाटों पर छठ पर्व मनाने के लिए हर साल लाखों लोग एकजुट होते हैं। कच्चे घाट होने से यहां हादसा होने का खतरा रहता है।