संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। ओपन कैटेगरी (पुरुष व महिला) के तहत 30 खेलों में सीनियर श्रेणी का राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ आयोजित किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाली जिला अंबाला की टीमों के चयन के लिए 12 से 15 अक्तूबर तक जिले के विभिन्न स्टेडियमों व खेल परिसरों में ओपन चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे।
जिला खेल अधिकारी रामस्वरूप शर्मा ने बताया कि चयन ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ी तय तिथियों को सुबह 9 बजे बताए गए स्थानों पर पहुंचें। उन्होंने कहा कि ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों के लिए आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और हरियाणा रिहायशी प्रमाण पत्र की फोटोकॉपी साथ लाना अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि 12 अक्तूबर को अंबाला सिटी के सेक्टर-10 स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में कबड्डी, खो-खो, छावनी के वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम में फुटबॉल, जिम्नास्टिक, जूडो, स्विमिंग, ताइक्वांडो, फेंसिंगवार के ट्रायल होंगे। साथ ही अंबाला छावनी के आनंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बैडमिंटन और अंबाला छावनी के सनातन धर्म कालेज में हैंडबॉल के ट्रायल होंगे। इसके अलावा 13 अक्तूबर को अंबाला सिटी के सेक्टर-10 स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, वेटलिफ्टिंग, वॉलीबॉल, वुशु और अंबाला शहर के पुलिस लाइन मैदान में हॉकी के ट्रायल होंगे।
14 को अंबाला सिटी के सेक्टर-10 स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में नेटबॉल, तीरंदाजी, वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम में टेनिस, कराटे, बेसबॉल, टेबल टेनिस, साइकिलिंग, कुश्ती, शूटिंग और अंबाला छावनी के सरहिंद क्लब में क्रिकेट के ट्रायल होंगे। 15 को राजीव गांधी स्टेडियम में थ्रो बॉल और वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम में कैनोइंग रोइंग के लिए प्रतियोगिताएं होंगी।