संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। एक ही रात में चार एटीएम तोड़कर चोरी का प्रयास करने के दो आरोपियों को पुलिस के स्पेशल सेल ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पिछले दिनों मध्यरात्रि चार एटीएम तोड़ चोरी करने की कोशिश की थी लेकिन सायरन बजने पर वे फरार हो गए थे। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
स्पेशल सेल के प्रभारी राजेश राणा ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली कि दो युवक चोरी की फिराक में गोशाला कॉलोनी के पास घूम रहे हैं। इस सूचना के आधार पर उप निरीक्षक सुखदेव सिंह की टीम ने मौके के पर जाकर वहां घूम रहे दोनों युवकों को गिरफ्तार किया। जिनकी पहचान गोशाला कॉलोनी निवासी अरदीप उर्फ अरप्रित व सारण निवासी खुशपाल के नाम से हुई। दोनों आरोपी आपस में दोस्त हैं। रुपये चुराने के लिए आरोपियों ने एक के बाद एक चार एटीएम तोड़ चोरी का प्रयास किया था मगर वे रुपये निकालने में कामयाब नहीं हो पाए थे।
एएसपी आईपीएस हिमाद्री कौशिक ने बताया कि आरोपियों ने 13-14 जनवरी की रात को जगाधरी के शर्मा अस्पताल के पास हिताची, रेलवे रोड पर लाल द्वारा के पास बैंक ऑफ महाराष्ट्र, गाबा अस्पताल के पास व सिविल लाइन जगाधरी पर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को तोड़ने का प्रयास किया गया था लेकिन बैंक का सायरन बजने पर वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाए और वहां से फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी जांच के बाद स्पेशल सेल की टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों गिरफ्तार कर लिया है।