संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। विदेश भेजने के नाम पर ठगी के दो मामलों में चार आरोपी गिरफ्तार किए गए। दो लोग आर्थिक अपराध शाखा और दो लोग थाना सदर पुलिस टीम ने पकड़े हैं। सभी को जेल भेज दिया गया है।
आर्थिक अपराध शाखा के इंचार्ज निरीक्षक केवल सिंह ने बताया कि छछरौली निवासी मनिंद्र कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसका पौत्र व पौत्रवधू विदेश जाना चाहते थे। इस दौरान पंजाब के जिला जालंधर के गांव काकी डकोह निवासी पवन उर्फ डेविड ने कनाडा का वर्क वीजा लगवाने का झांसा दिया और दस्तावेज लिए। कनाडा भिजवाने के नाम पर अलग-अलग कर 15 लाख रुपये लिए।
कई माह बीतने के बाद भी जब वीजा नहीं लगा तो उससे रुपये वापस मांगे। आरोपी ने रुपये देने से इंकार कर दिया और धमकी देने लगा। मामले में आरोपी पवन को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया था। उससे पूछताछ के बाद उसके सहयोगी जालंधर कैंट दीपनगर निवासी सतपाल कौल सतपाल कौल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
थाना सदर यमुनानगर प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि गांव औरंगाबाद निवासी नेहा रानी ने शिकायत में बताया था कि उसका बेटा रविंद्र कुमार विदेश जाना चाहता था। गांव की ही कुमारी गुंजन ने कहा कि वह अपने साथियों जिला जालंधर के गांव सुन्नार खुर्द व गांव कुडका निवासी जितेंद्र व कर्णदीप से बात कर विदेश भिजवा देगी। सितंबर 2024 में आरोपियों से मिली तो उन्होंने बेटे को विदेश भेजने के नाम पर सात लाख रुपये ले दिए। बाद में नकली वीजा थमा दिया। रुपये वापस मांगे तो धमकी देने लगे।