बूड़िया। क्षेत्र के एक गांव में घर में घुसकर हमला करने के मामले में जितेंद्र कुमार उर्फ पन्नू, सुधीर कुमार व जितेंद्र कुमार उर्फ पप्पी, प्रदीप पंवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह हमला पड़ोसी की शादीशुदा बेटी से छेड़छाड़ करने व मोबाइल पर फोन कर परेशान करने से मना करने पर हुआ था। पुलिस ने 12 लोगों को नामजद करते हुए 40-50 अन्य पर केस दर्ज किया था।
बूड़िया थाना प्रभारी पूर्ण सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र निवासी व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसका पड़ोसी विशाल काफी समय से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। आरोपी एचडीएफसी बैंक में नौकरी करता है। वहां से भी वह उसकी बेटी को फोन कर परेशान कर रहा था। इस बारे में बेटी ने बताया तो उसने आरोपी व उसके पिता से बात की। उस समय उसके पिता ने माफी मांग कर मामले का निपटारा कर लिया था। व्यक्ति ने बताया कि 20 जुलाई की शाम को वह अपने बेटे व भतीजे के साथ ट्रैक्टर लेकर खेत में जाने की तैयारी कर रहे थे। तभी गली में विशाल, सोनू, विष्णु, दीपक, रजनीश, जितेंद्र उर्फ पप्पी, प्रदीप, सोनी और काला, और अंकुश समेत 40-50 लोग हाथों में राड व डंडे लेकर गालियां देते हुए आ रहे थे। यह हमलावर घर में घुस आए। आते ही हमला बोल दिया। बीच बचाव में आए उसके भाई, बेटे व भतीजे पर भी हमला बोल दिया। रॉड व डंडों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इस दौरान सोनू ने फायर भी किया। किसी तरह से वह बच गए। बाद में हमलावर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए थे। इस मामले में बूड़िया थाना पुलिस ने केस दर्ज किया था।