संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मॉडल टाउन के दशहरा ग्राउंड में दो गुटों के बीच लड़की को लेकर हुए विवाद व फायरिंग के मामले में पुलिस ने अब सुमित गुट के चार आरोपियों काे गिरफ्तार किया है। आरोंपियों की पहचान भूड़ माजरा निवासी सुमित उर्फ कमल, बेगमपुर निवासी शंटी, गढ़ी गुजरान निवासी आशिफ व कादिर के रूप में हुई है। आरोपी शंटी से गंडासी बरामद हुई है।
आरोपी सुमित का दूसरे गुट के विक्रांत के साथ झगड़ा हुआ था। इस मामले में विक्रांत गुट के छह आरोपियों को एक दिन पहले गिरफ्तार किया गया था। अब दूसरे गुट के सुमित समेत चार आरोपी पकड़े है। चारों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
स्पेशल सेल के इंचार्ज राजेश राणा ने बताया कि जागधौली निवासी विक्रांत व सुमित गुट के बीच झगड़ा हुआ था। विक्रांत की पहचान की किसी युवती को सुमित ने कुछ बोल दिया था। इसके चलते ही 18 जुलाई को दोनों गुट दशहरा ग्राउंड पर एकत्र हुए। यहां पर उनके बीच गाली गलौज हुई। दोनों गुटों ने कई राउंड हवाई फायर कर दहशत फैलाई और एक दूसरे को धमकी दी। इस मामले में शहर पुलिस ने केस दर्ज किया गया था।
पुलिस ने 20 जुलाई कोगांव जागधौली निवासी विक्रांत उर्फ विक्की, शुभम उर्फ बब्बू, कुलचंदू निवासी ठाकुर, अंबाला के अलीपुरा निवासी दीक्षांत उर्फ आशु, प्रशांत उर्फ अंशुल, ससौली निवासी कपिल को गिरफ्तार किया था। आरोपी बब्बू से एक देशी कट्टा व एक खाली राउंड बरामद किया गया था, जबकि आरोपी विक्रांत से एक कारतूस बरामद हुआ। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल के लिए तीन बाइक भी बरामद की गई थी। अब दूसरे गुट के सुमित सहित चार आरोपियों को पकड़ा गया है। इन आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।